नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

# Admin | 25 Dec, 2022

नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

 मिशन क्रांति न्यूज़ जांजगीर चांपा । नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया ,आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जिसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी लक्ष्मीकांत साहू उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम सेमरिया द्वारा थाना बिर्रा में 5 जून को रिपोर्ट दर्ज कराया कि ग्राम देवरी थाना शिवरीनारायण निवासी दिलीप कुमार साहू उम्र 26 वर्ष इससे एवं भोलेनाथ साहू से थल सेना में नौकरी लगाने के एवज में 4 -4 लाख 50 - 50 हजार रूपये एवं भोलेनाथ साहू के भाई गुलशन साहू से वन विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर 3 लाख 50 हजार रूपये का मांग किया था। जो उनके झांसे में आकर तीनो वर्ष 2020-2021 में विभिन्न किश्तों मे नगदी एवं फोन पे के माध्यम से कुल 10 लाख 27 हजार रुपये दिलीप साहू को दिये थे। प्रार्थी एवं उसके साथियों द्वारा नौकरी नहीं लगने पर आरोपी से पैसे की मांग करने पर आरोपी द्वारा पैसा वापस नहीं किया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी दिलीप साहू निवासी देवरी के विरूद्ध थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 84/22 धारा 420 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में विवेचना के दौरान आरोपी दिलीप साहू की पता तलाश की जा रही थी आरोपी के पूर्व में मध्यप्रदेश में रहने की सूचना प्राप्त होने पर बिर्रा पुलिस द्वारा दबिश दिया गया था किंतु आरोपी वहां नहीं मिला। आरोपी गिरफ्तारी के डर से लगातार फरार चल रहा था। आरोपी अपने घर से अन्यत्र ग्राम भुरकुंडा थाना पचपेढी जिला बिलासपुर मे छिपे होने की जानकारी प्राप्त होने पर तत्काल बिर्रा पुलिस द्वारा दिनांक 24 दिसम्बर को दबिश देकर आरोपी दिलीप साहू को गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा अपना जुर्म स्वीकार करते हुये धोखाधडी से अर्जित रकम को निजी कार्यों में उपयोग करना बताया गया। आरोपी के कब्जे से बैंक पासबुक एवं चेकबुक जप्त किया गया है। देवरी निवासी आरोपी दिलीप साहू ( उम्र 26 वर्ष) को 25 दिसंबर न्यायिक रिमाण्ड में भेजा गया।

Banner