सिम्स के शवगृह में शव नही मिलने पर परिजनों ने मचाया हंगामा

# Admin | 01 Sep, 2020

सिम्स के शवगृह में शव नही मिलने पर परिजनों ने मचाया हंगामा

मिशन क्रांति न्यूज. बिलासपुर। सिम्स के शवगृह में रखे कोरोना संदिग्ध का शव ही बदल गया। लापरवाही इतनी की उस शव का दूसरे लोगों ने रविवार को ही अंतिम संस्कार भी कर दिया। सोमवार को शव लेने पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा मचाया। इसके बाद सिम्स प्रबंधन ने दूसरे परिवार पर गलत पहचान का आरोप लगाते हुए पल्ला झाड़ लिया। जानकारी के अनुसार तिफरा यदुनंदनगर निवासी 84 वर्षीय बुजुर्ग की रविवार को मौत हो गई थी। परिवार के सदस्य अंतिम यात्रा लेकर भारतीय नगर मुक्तिधाम पहुंचे थे। इसी दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अंतिम संस्कार रोक दिया। मृतक बुजुर्ग को कोरोना संदिग्ध बताते हुए उनके शव को जांच के लिए सिम्स के शवगृह में रखवा दिया गया। वहीं, टिकरापारा निवासी कोरोना पॉजिटिव व्यवसायी का शव भी शवगृह में रखा था। उनकी शहर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार को मौत हो गई थी। रविवार की सुबह उनके परिजन शव लेने पहुंचे। इस दौरान सिम्स के कर्मचारियों ने शव व्यवसायी के परिजन को सील कर सौंप दिया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के टीम की मौजूदगी में तोरवा मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। सोमवार की सुबह यदुनंदन नगर निवासी बुजुर्ग के परिजन शव लेने पहुंचे। शवगृह के कर्मियों ने शव नहीं होने की बात बताई। इसके बाद परिजन ने सिम्स में हंगामा कर दिया। बुजुर्ग के शव का रविवार की सुबह ही तोरवा मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार कर दिया गया था।

Banner