गोधना स्कूल शिक्षक भर्ती मामले की जांच में अफसरों का छूट रहा पसीना !

# Admin | 29 Oct, 2021

गोधना स्कूल शिक्षक भर्ती मामले की जांच में अफसरों का छूट रहा पसीना !

◆ नियमों को ताक में रखकर विभागीय अधिकारी और कर्मचारियों सहित शिक्षण समिति अध्यक्ष ने अपनों को लाभ पहुंचाने की थी सीधी भर्ती।

★ डायमंड शुक्ला

मिशन क्रांति न्यूज. जांजगीर-चाम्पा। गोधना स्कूल में नियमों को ताक में रखकर की गई शिक्षक भर्ती मामले की जांच को लेकर विभागीय अधिकारियों का पसीना छूट रहा है। मामले को लेकर अधिकारी कितने गंभीर हैं इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तकरीबन डेढ़-दो महिने बाद भी अब तक मामले की जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया जा सका है। जिससे मामले में संलिप्त शिक्षण समिति अध्यक्ष और अधिकारी बेखौफ हैं मानो उन्हें कुछ समय के लिए अभयदान मिल गया हो।

दरअसल कोरोनाकाल में गोधना के सरकारी अनुदान प्राप्त स्कूल में स्कूल समिति के अध्यक्ष, तत्कालीन डीईओ और प्राचार्य ने नियमों को ताक में आपसी मिलीभगत कर अपने बेटों की ही भर्ती कर लिए। जब शिक्षक भर्ती मामले में गड़बड़ी की भनक लगी तो संबधित विभाग में लिखित शिकायत किया गया। चूंकि मामला शिक्षा विभाग के नुमाइंदों से जुड़ा है जिसमें तत्कालीन डीईओ श्री केएस तोमर, स्कूल समिति अध्यक्ष केके सिंह और प्राचार्य श्री तिवारी द्वारा आपसी मिली भगत कर बेटों की नौकरी लगाने की बात सामने आई तो मानो आला अफसरों के हाथ पांव फूलने लगे,,,शायद यही है कि पहली बार जो जांच टीम गठित की गई थी। उसमें फेरबदल करते हुए दूसरी टीम गठित हुई, अब यह जांच डीईओ की निगरानी मे हो रहा है और डीईओ डीके कौशिक खुद जांच टीम में शामिल हैं। बावजूद इसके लंबे समय तक जांच का प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं हो पाया है...ऐसे में विभागीय उदासीनता तो सामने आही रहा है साथ ही लोग कई तरह की अटकले भी लगा रहे हैं। यह भी कहें तो कोई अतिसंयोक्ति नहीं होगा कि जांच में अफसरों का पसीना छूट रहा है। बहरहाल जांच कछुए की गति से जारी है अब देखना यह है कि कहीं विभागीय जांच के नाम पर महज खानापूर्ति तो नहीं किया जा रहा है। बात जो भी हो पर शिक्षक भर्ती मामले की जांच रिपोर्ट पर सबकी निगाहें टिकी हुई है और दोषियों पर कार्रवाई को लेकर लोगों को बेसब्री से इंतजार है।

मामले की चल रही जांच

जिला शिक्षा अधिकारी डीके कौशिक ने बताया कि सरकारी अनुदान प्राप्त गोधना स्कूल शिक्षक भर्ती मामले में गड़बड़ी की शिकायत प्राप्त हुई है जिसके आधार पर विभागीय जांच चल रही है। शिक्षक भर्ती से संबंधित अन्य कुछ विभागों से पत्राचार कर जानकारी चाही गई है। जांच जल्दी पूरी हो जाएगी।

Banner