सूर्यांश प्रांगण में हुआ पुलिस भर्ती पूर्व प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन शिविर का शुभारंभ..........

# Admin | 13 Jan, 2024
  • फिजिकल ट्रेनिंग में शारीरिक दक्षता परीक्षण से संबंधित क्रिया कलापों की दी हुई विस्तृत जानकारी

मिशन क्रांति न्यूज़ जांजगीर-चाम्पा। छत्तीसगढ़ पुलिस एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में भर्ती के लिए पात्र सम्मिलित अभ्यर्थियों की सहायता हेतु "मेगा पुलिस भर्ती पूर्व प्रशिक्षण एवं फिजिकल ट्रेनिंग शिविर" का शुभारंभ सूर्यांश प्रांगण, सूर्यांश विद्यापीठ में 13 जनवरी को हुआ। शारीरिक दक्षता परीक्षण के बारे में जानकारी प्रदान करते हुए विशेषज्ञ प्रशिक्षकों एवं मार्गदर्शकों ने बताया कि लगातार अभ्यास एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर दक्षता अर्जित किया जा सकता है इसके लिए निरंतरता अभ्यास बहुत आवश्यक है। 

छत्तीसगढ़ पुलिस एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवान प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को शारीरिक दक्षता के लिए महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी प्रदान किया। सिटी कोतवाली जांजगीर में पदस्थ प्रधान आरक्षक कमलेश कुमार और विजय सूर्यवंशी के साथ आरक्षक राकेश रत्नाकर, राजू सूर्यवंशी एवं राहुल सूर्यवंशी तथा रेलवे के सुरेश पैगवार ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण शिविर में शारीरिक परीक्षण के साथ लिखित परीक्षा हेतु नियमित रूप से व्याख्यान का आयोजन किया गया।

फिजिकल ट्रेनिंग के बाद में लिखित परीक्षा के लिए व्याख्यान माला में विद्यार्थियों को मार्गदर्शित करते हुए गुलशन कुमार ने कहा कि लिखित परीक्षा के लिए मुस्तैदी के साथ प्रश्नों का उत्तर देने की आवश्यकता है। इसके लिए पाठ्यक्रम के अनुसार विषय वस्तु की तैयारी करना जरूरी है। पुलिस भर्ती परीक्षा में लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा दोनों आवश्यक होता है इसलिए अभ्यर्थियों को दोनों में सामंजस्य कायम कर संपूर्ण भर्ती की तैयारी करना चाहिए। प्रशिक्षणर्थियों को ताराचंद रत्नाकर, देव कुमार पारकर, हरि परिहार एवं मोहरसाय खरसन ने मार्गदर्शित कर अलग-अलग विषयों के बारे में जानकारियां प्रदान किया।

उक्ताशय की जानकारी देते हुए प्रो. गोवर्धन प्रसाद सूर्यवंशी ने बताया कि फिजिकल ट्रेनिंग की शुरुआत प्रातः पांच बजे हुई। छत्तीसगढ़ पुलिस एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवानों ने प्रतिभागियों को शारीरिक दक्षता के प्रमुख बिंदुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान किया। महिला प्रतिभागियों के विशेष प्रशिक्षण हेतु शीघ्र ही महिला प्रशिक्षकों को आमंत्रित किया जाएगा। पुलिस भर्ती के इच्छुक अभ्यर्थी सूर्यांश प्रांगण में अपना पंजीकरण करा शिविर का लाभ उठा सकते हैं। यह प्रशिक्षण पूर्णतः नि:शुल्क है।

Banner