23 दिसंबर से शुरू हो रहा पांच दिवसीय सूर्यांश शिक्षा महामहोत्सव, विधायक सहित उच्च अधिकारियों को किया  आमंत्रित.......

# Admin | 16 Dec, 2023
  •  प्रतिनिधि मंडल ने विधायक व्यास कश्यप सहित उच्च अधिकारियों को किया आमंत्रित 
  •  व्यापक स्तर पर हो रही है महामहोत्सव स्थल का सौंदर्यीकरण एवं साज-सज्जा 

मिशन क्रांति न्यूज़ जांजगीर :- पांच दिवसीय सूर्यांश शिक्षा महामहोत्सव की व्यापक तैयारियां चल रही है। 23 दिसंबर से 27 दिसंबर तक आयोजित पांच दिवसीय महामहोत्सव के उद्घाटन समारोह के मुख्य आतिथ्य के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री माननीय विष्णुदेव साय को आमंत्रित किया गया है। सूर्यांश शिक्षा उत्थान समिति के प्रतिनिधि मंडल व समाज के प्रबुद्ध गणों ने जांजगीर चांपा के विधायक व्यास कश्यप से मुलाकात कर महामहोत्सव के लिए आमंत्रित किया। प्रतिनिधि मंडल ने पूर्व विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल को भी आमंत्रित किया।  

इसके अलावा प्रतिनिधि मंडल ने जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों को भी आमंत्रित किया। जिला कलेक्टर सुश्री ऋचा चौधरी को आमंत्रित कर महा महोत्सव में होने वाली समस्त गतिविधियों से अवगत कराया‌। प्रतिनिधिमंडल ने अपर कलेक्टर एस.पी. वैद्य, जिला पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आर.के. खूंटे से मुलाकात किया। इसी तरह प्रतिनिधि मंडल ने अटल बिहारी वाजपेई विद्युत संयंत्र मड़वा जांजगीर, वन मंडलाधिकारी, खाद्य अधिकारी एवं खनिज अधिकारी सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों को आमंत्रित किया। 

 

प्रतिनिधि मंडल में सूर्यांश शिक्षा उत्थान समिति के संरक्षक गण ए.आर. सूर्यवंशी, टी.पी. भावे, आर. एल. सूर्यवंशी, विजय खरे, मोतीलाल डहरिया, जी.पी. ताम्रकार, खम्हन लाल सरवन, दुखु राम गोयल, सुखराम गरेवाल, मोहरसाय खरसन, हरदेेव टंडन, रमेश दास खड्ग, आचार्य शिव प्रधान, देेव कुमार सूर्यवंशी, शुक्ला प्रसाद सूर्यवंशी, रामनारायण प्रधान, संजय फर्वे, अजीत गढ़ेवाल, माधो राम फर्वे, कन्हैया लाल सूर्यवंशी एवं सरदेश कुमार लदेर सहित सामाजिक पदाधिकारीगण शामिल थे। 

 सूर्यांश शिक्षा महा महोत्सव में विशिष्ट अतिथि के लिए बिलासपुर इकाई के सूर्यांश साधकों द्वारा जिला कलेक्टर अवनीश कुमार शरण एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, पूर्व विधायक शैलेष पाण्डेय से भेंट कर आमंत्रित किया गया‌। इसी तरह श्रीमती याचना ताम्ब्रे ज्वाइंट कमिश्नर (जी.एस.टी.) एवं स्वास्थ्य विभाग के सेवानिवृत्ति संचालक डॉ. राजकुमार राजमणि को आमंत्रित किया गया। प्रतिनिधि मंडल में एस.एल. रात्रे सेवानिवृत्त सचिव, ताराचंद रत्नाकर, चंद्र प्रकाश सूर्या, परसराम सूर्यवंशी, पुनी राम सूर्यवंशी, राकेश सूर्यवंशी सहित अन्य सूर्यांश साधक गण उपस्थित थे।

 ज्ञात हो कि इस वर्ष महामहोत्सव के प्रथम दिवस 23 दिसंबर को मेगा मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया है जिसमें विभिन्न बीमारियों के चिकित्सक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के लिए उपलब्ध रहेंगे जिसमें जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों के अलावा बिलासपुर, कोरबा एवं रायपुर के मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पतालों के विशेषज्ञ भी निःशुल्क चिकित्सा सेवा प्रदान करेंगे। 

द्वितीय दिवस 24 दिसंबर को भव्य शुभारंभ एवं नागरिक अलंकरण सम्मान समारोह के पश्चात कैरियर मार्गदर्शन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 24 दिसंबर को शाम आठ बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया है। जिसमें तिरोड़ी मध्यप्रदेश के "वाह वाह क्या बात है फेम एवं कवियुद्ध" फेम दिनेश देहाती और गोंदिया महाराष्ट्र के "वाह वाह क्या बात है फेम" सरिता सरोज के साथ मीर अली मीर रायपुर, कृष्णा भारती नांदगांव, मिलन मलरिहा मल्हार, भैया लाल नागवंशी जांजगीर कवि सम्मेलन के मुख्य आकर्षण है।

तृतीय दिवस 25 दिसंबर को जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों के द्वारा कैरियर मार्गदर्शन, कनिष्ठ एवं पी.एस.सी. पैटर्न श्रेणी में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, प्रतिभा सम्मान, युवा सम्मेलन, शारीरिक सौंदर्य एवं सौष्ठव प्रतियोगिता, परिवार परिचय, सम्मान समारोह एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रस्तुतीकरण होगा। 

महामहोत्सव के चतुर्थ दिवस 26 दिसंबर को समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से "विशाल शिक्षा एवं संस्कार शोभायात्रा" का आयोजन किया गया है जिसमें समाज में शिक्षा का अलख जगाने वाले पंच परमेश्वरों की झांकी सात सफेद घोड़ों पर आरूढ़ होकर झांकी शहर के मुख्य मार्गों से होकर महामहोत्सव स्थल सिवनी पहुंचेगी जहां पर समाज के युवक-युवतियों का आदर्श सामूहिक गौरव विवाह किया जाएगा। महामहोत्सव की अंतिम दिवस 27 दिसंबर को समापन समारोह के अंतर्गत सूर्यांश साधको एवं कार्यकर्ताओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया है। 

उक्ताशय की जानकारी देते हुए प्रो. गोवर्धन सूर्यवंशी ने बताया कि 23, 24, 25, 26 एवं 27 दिसंबर को आयोजित महामहोत्सव के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही है। महामहोत्सव स्थल का सौंदर्यीकरण उड़ीसा एवं स्थानीय कलाकारों सहित कई राज्यों के कलाकारों के द्वारा किया जा रहा है। शिक्षा के नवाचारी गतिविधियों एवं शासन की अनेक योजनाओं को प्रदर्शित करने वाले स्टाल लगाया जा रहा है।जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा महामहोत्सव का व्यापक प्रचार प्रसार गांव-गांव में किया जा रहा है।


 

Banner