सूर्यांश शिक्षा महामहोत्सव की तैयारियां जोरों पर....

# Admin | 13 Dec, 2023

 23 दिसंबर को मेडिकल मेगा कैंप से होगा महामहोत्सव का शुभारंभ 

मिशन क्रांति न्यूज़ जांजगीर चाम्पा:- पांच दिवसीय सूर्यांश शिक्षा महामहोत्सव का 23 दिसंबर से 27 दिसंबर तक किया जा रहा है। विगत वर्षों की तरह महामहोत्सव के शुभारंभ के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री माननीय विष्णुदेव साय से एक प्रतिनिधिमंडल भेंट करने जा रहे हैं। 

विशिष्ट अतिथि के रूप में जांजगीर सांसद गुहाराम अजगले के साथ नवनिर्वाचित विधायक चरणदास महंत सक्ती, व्यास कश्यप जांजगीर चांपा, रामकुमार यादव चंद्रपुर, राघवेन्द्र सिंह अकलतरा, बालेश्वर साहू जैजैपुर, श्रीमती शेषराज हरबंश पामगढ़, यनीता यशवंत चंद्रा अध्यक्ष जिला पंचायत जांजगीर, भगवानदास गढ़वाल अध्यक्ष नगर पालिका परिषद जांजगीर, रेशमा विजय सूर्यवंशी अध्यक्ष नगर पंचायत बाराद्वार, राम किशुन सूर्यवंशी अध्यक्ष नगर पंचायत सारागांव सहित जिले के समस्त जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी गण सम्मिलित होंगे। महामहोत्सव की तैयारियां जोरों पर है। 

महोत्सव स्थल पर सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं महिला समूहों के द्वारा निरंतर सौंदर्य करण का कार्य किया जा रहा है। महामहोत्सव स्थल की तैयारियों का अवलोकन जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा निरंतर किया जा रहा है। इस हेतु सूर्यांश के प्रतिनिधि मंडल द्वारा विगत दिवस जिला कलेक्ट्रेट जांजगीर में जिला कलेक्टर सुश्री ऋचा चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल से मुलाकात कर आयोजन के संबंध में महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी से अवगत कराया।

 प्रथम दिवस 23 दिसंबर को मेडिकल मेगा कैंप का आयोजन किया गया है जिसमें विभिन्न बीमारियों के चिकित्सक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के लिए उपलब्ध रहेंगे। जिला मुख्यालय के चिकित्सकों के अलावा बिलासपुर, कोरबा एवं रायपुर के मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पतालों के विशेषज्ञ भी निशुल्क चिकित्सा सेवा प्रदान करेंगे। द्वितीय दिवस 24 दिसंबर को भव्य शुभारंभ एवं नागरिक अलंकरण सम्मान समारोह के पश्चात कैरियर मार्गदर्शन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 24 दिसंबर को शाम आठ बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया है। जिसमें तिरोड़ी मध्यप्रदेश के दिनेश देहाती एवं गोंदिया महाराष्ट्र के सरिता सरोज के साथ मीर अली मीर रायपुर, कृष्णा भारती नांदगांव, मिलन मलरिहा मल्हार, भैया लाल नागवंशी जांजगीर, सुश्री लक्ष्मी करियारे जाँजगीर, खम्हन सरवन सिवनी, यशवंत सूर्यवंशी "यश" दुर्ग, रामनारायण प्रधान चाम्पा, प्रो.गोवर्धन सूर्यवंशी बतौली, उमाकांत टैगोर जांजगीर कविता पाठ करेंगे। कवि सम्मेलन का संयोजन एवं संचालन जाँजगीर के कवि सुरेश पैगवार करेंगे।

तृतीय दिवस 25 दिसंबर को जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों के द्वारा कैरियर मार्गदर्शन का आयोजन किया गया है। इसके पश्चात सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया गया है जिसमें महामहोत्सव स्थल पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन दो श्रेणियों में होगा प्रथम कनिष्ठ श्रेणी में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थी एवं द्वितीय स्नातक स्तर के प्रतिभागी सहभागिता करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद प्रतिभा सम्मान, युवा सम्मेलन, शारीरिक सौंदर्य एवं सौष्ठव प्रतियोगिता, परिवार परिचय, सम्मान समारोह एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रस्तुतीकरण होगा। 

 महामहोत्सव के चतुर्थ दिवस 26 दिसंबर को समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से विशाल शिक्षा एवं संस्कार शोभायात्रा का आयोजन किया गया है। इस वर्ष "शिक्षा एवं संस्कार शोभायात्रा" "सूर्यांश धाम खोखरा" से निकल कर महा महोत्सव स्थल "सूर्यांश विद्यापीठ, सूर्यांश धाम- सिवनीं" तक पहुंचेगी जिसमें समाज में शिक्षा का अलख जगाने वाले पंच परमेश्वरों की झांकी सात सफेद घोड़ों पर आरूढ़ होकर शहर के मुख्य मार्गों से होकर महामहोत्सव स्थल सिवनी पहुंचेगे। महामहोत्सव स्थल पर समाज के युवक-युवतियों का आदर्श सामूहिक विवाह किया जाएगा। महामहोत्सव की अंतिम दिवस 27 दिसंबर को समापन समारोह के अंतर्गत सूर्यांश साधको एवं कार्यकर्ताओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया है जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले सूर्यांश साधकों को सम्मानित किया जाएगा।
  
उक्ताशय की जानकारी देते हुए प्रो. गोवर्धन सूर्यवंशी ने बताया कि 23, 24, 25, 26 एवं 27 दिसंबर को आयोजित महामहोत्सव का प्रचार प्रसार गांव-गांव में किया जा रहा है। इसे हेतु जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का महासम्मेलन भी आयोजित किया गया था। मेला स्थल पर आत्मरक्षा के लिए कराटे कक्षा एवं योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है‌। साथ ही विभिन्न स्टालों के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के नवाचारी गतिविधियों एवं शासन की अनेक योजनाओं को प्रदर्शित करने वाले स्टाल लगाया जाता है। महामहोत्सव स्थल का सौंदर्यीकरण उड़ीसा एवं स्थानीय कलाकारों सहित कई राज्यों के कलाकारों के द्वारा किया जा रहा है।

Banner