Road accident : फिर खून से लाल हुआ सड़क, बस चालक सहित पांच बच्चो की मौत, पढ़े दर्दनाक हादसे की खबर......

# Admin | 30 Oct, 2023

बस चालक सहित पांच बच्चो की मौत, पढ़े दर्दनाक हादसे की खबर......

मिशन क्रांति न्यूज़ उत्तर प्रदेशबदायूं जिले में सोमवार को सुबह करीब आठ बजे म्याऊं थाना क्षेत्र में नवीगंज के पास हुए दर्दनाक हादसे  की खबर जिसने भी सुनी वो स्तब्ध रह गया यहां स्कूल बस और वैन की टक्कर होने से चार बच्चों समेत पांच की मौत हो गई। मृतकों में स्कूल बस चालक और उसका बेटा भी शामिल है। हादसे में लगभग 20 बच्चे घायल हुए हैं। 

हादसा इतना भीषण था कि घटनास्थल पर इधर-उधर लहूलुहान पड़े बच्चों की हालत देखकर लोगों का कलेजा कांप गया। कई बच्चे वैन और बस में दर्द से कराह रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को अस्पताल भिजवाया। कई घायल बच्चों की हालत गंभीर बताई गई है। उधर, हादसे के बाद एक स्कूल संचालक ताला लगाकर फरार हो गया है।

सोमवार को सुबह जवाहर नगला म्याऊं-उसावां मार्ग स्थित सत्यदेव विद्या पीठ इंटर कॉलेज की बस और एसआर पब्लिक स्कूल गौतरा की वैन गांवों से बच्चों को लेकर जा रही थी। नवीगंज के पास स्कूल बस और वैन की भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी। जिससे टक्कर इतनी भीषण हुई कि स्कूल वैन के परखच्चे उड़ गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्कूल वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंची और  घायल बच्चों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। 

जानकारी मिलते ही डीएम मनोज कुमार और एसएसपी डॉ. ओपी सिंह प्रशासनिक अमले के साथ अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने घायल बच्चों के बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकों को निर्देश दिए। पीड़ित परिजनों से बात की। डीएम ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।  

Banner