हसदेव नदी में बहे युवक की तीन दिन बाद मिली लाश......

# Admin | 26 Oct, 2023
  •  पैर धोने के दौरान हुआ हादसा...
  • 23 अक्टूबर को नदी में डूब गया था युवक 

मिशन क्रांति न्यूज़ जांजगीर चाम्पा। जांजगीर चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में नहर में एक युवक का शव मिला। शव देखते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की पहचान अभय धनवार (32) निवासी सर्वमंगला चौकी के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकलवाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।  

जानकारी के अनुसार, बलौदा पुलिस को गुरुवार सुबह गांव के कोटवार ने सूचना दी कि शहर के अंदर पुलिया के पास बाबुल के पेड़ में अज्ञात व्यक्ति का शव लटका हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नहर के तेज बहते पानी से शव को बाहर निकाला गया। शव की पहचान के लिए बलौदा पुलिस ने कोरबा पुलिस से संपर्क किया जिसके बाद मृतक की पहचान अभय धनवार पिता मंगलू उम्र 32 साल के रूप में की गई।

बता दें कि मृतक युवक 23 अक्टूबर से घर से सर्वमंगला मंदिर दर्शन करने की बात कह कर निकला था। युवक हसदेव नदी में पैर धोने के लिए उतरा था, जहां पैर फिसलने के बाद वह नदी के तेज बहाव में डूब गया था। युवक को खोजने के लिए चौकी स्टाफ ने गोताखोर की मदद ली, लेकिन गोताखोर की टीम युवक का पता नहीं लगा पाई थी। जिसके बाद चौकी पुलिस ने युवक के गुम होने का मामला दर्ज किया था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। 


 

Banner