चोरो के हौसले बुलंद, प्राइमरी स्कूल में की साढ़े तीन लाख की चोरी......

# Admin | 08 Oct, 2023

 चोरो के हौसले बुलंद, प्राइमरी स्कूल में की साढ़े तीन लाख की चोरी........


मिशन क्रांति न्यूज़ कोरबा। कोरबा जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं है। आए दिन चोर चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। चोरो पर लगातार निगरानी रखने के बाद भी चोर बड़ी-बड़ी घटनाओ को अंजाम दे रहे है। अभी हाल ही में कोरबा के SECL कॉलोनी में स्थित प्राइमरी स्कूल में बीती रात चोरी होने की खबर सामने आई है। चोरों ने खेल सामग्री, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत करीब 3 लाख 50 हजार रुपए के सामान पार कर दिया है। मामला मानिकपुर पुलिस चौकी का है।

जानकारी के मुताबिक, SECL कॉलोनी में मिडिल और प्राइमरी स्कूल क्रमांक- 1 का संचालन किया जाता है। रोजाना की तरह शनिवार को शिक्षक स्कूल बंद कर घर चले गए। रविवार की सुबह स्कूल परिसर में निर्माणाधीन भवन में काम करने मजदूर पहुंचे, तो उनकी नजर स्कूल दफ्तर पर पड़ी। उन्हें दरवाजा खुला देखकर चोरी की आशंका हुई।मजदूरों ने स्कूल के प्रधान पाठक सुरेश कुमार वस्त्रकार को जानकारी दी। वे खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने दफ्तर में जाकर देखा, तो अलमारियां खुली हुई थीं। दफ्तर के भीतर रखे सामान अस्त-व्यस्त पड़े थे। शातिर चोरों ने खेल सामग्री, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत लगभग साढ़े 3 लाख रुपए के सामान की चोरी कर ली। इसकी जानकारी प्रधान पाठक ने पुलिस और वार्ड पार्षद फूलचंद सोनवानी को दी। 

प्रधान पाठक ने बताया कि स्कूल में अब तक 4-5 बार चोरी हो चुकी है, लेकिन पुलिस इस पर लगाम लगा पाने में नाकाम साबित हुई है। किसी भी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। सूचना देने पर जांच के बाद शिकायत की पावती देने की बात कही जाती है। उन्होंने कहा कि स्कूल में लगातार हो रही चोरी से वे परेशान हो गए हैं। 

वही मानिकपुर चौकी प्रभारी प्रेम साहू ने बताया कि चोरी की शिकायत मिली है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि  जल्द से जल्द आरोपियों की धरपकड़ की जा सके।  

 

 

Banner